श्रीलंका में डॉक्टरों ने एक व्यक्ति के मूत्राशय (ब्लैडर) से 3.1 किलोग्राम की पथरी निकाली है. डॉक्टरों का मानना है कि यह अब तक की अपनी तरह की सबसे बड़ी पथरी है.

यह ऑपरेशन पिछले हफ़्ते श्रीलंका के पूर्वी हिस्से में स्थित त्रिंकोमाली के एक अस्पताल में किया गया.
55 वर्षीय मरीज को स्ट्रोक आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने देखा कि उन्हें पेशाब करने में कठिनाई हो रही थी.
जांच करने पर पता चला कि शख़्स के ब्लैडर में पथरी है.
डॉक्टरों ने सर्जरी के ज़रिए पथरी निकाली. यह पथरी किसी नवजात बच्चे के वज़न की थी. इसका आकार शुतुरमुर्ग के अंडे जैसा था.
सर्जरी का नेतृत्व करने वाले डॉ. बालाकृष्णन ने बीबीसी सिंहला को बताया, “उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, यह अब तक दर्ज की गई और सर्जरी के माध्यम से निकाली गई सबसे बड़ी मूत्राशय की पथरी है.”
उन्होंने आगे कहा कि मरीज की सेहत “बहुत अच्छी” है.
डॉक्टरों ने बताया कि मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है.
