राजस्थान न्यूज़

“टिकट वितरण में भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा”

✍ The Bagawat Desk ◷ 17 Aug 2026
मदन राठौड़ का निकाय चुनाव से पहले आह्वान- मैदान में उतरने को तैयार

राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है. सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी में विकास और सुशासन के आधार पर प्रचंड जीत का संकल्प लिया गया.नगर निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई. निकाय चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, प्रत्याशी चयन, चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर मंथन हुआ. इस बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय, निकाय चुनाव प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी मौजूद थे. बैठक में तय हुआ कि भाजपा निकाय चुनाव में सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी.

राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने की कोशिश- सीएम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास की नई दिशा देने का काम किया है. सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से हुआ है. युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास को सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में रखा है.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 1 लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है. प्रदेश की जल आवश्यकताओं को देखते हुए यमुना जल समझौता और राम जल सेतु जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं. राजस्थान की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे ये प्रयास आने वाले समय में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होंगे.

मुख्यमंत्री बोले- राजस्थान में निवेश का माहौल मजबूत हुआ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश का वातावरण लगातार मजबूत हुआ है. लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं. सरकार किसान, युवा और महिला समेत प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है. किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को बढ़ी हुई राशि 9000 रूपये उपलब्ध कराई जा रही है.